-->

सामान खरीदाने का झांसा बना मौत का जाल, बटालियन के पीछे महिला की गला घोंटकर हत्या

सामान खरीदाने का झांसा बना मौत का जाल, बटालियन के पीछे महिला की गला घोंटकर हत्या


पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी को किया गिरफ्तार
धार। कोतवाली थाना क्षेत्र में एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी महिला को इंदौर से सामान खरीदवाने का झांसा देकर धार लाया और सुनसान स्थान पर उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को नाले में फेंककर फरार हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अज्ञात शव की शिनाख्त की और हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार 10 जुलाई की दोपहर करीब 3:22 बजे 34 बटालियन के पीछे तुर्क बगड़ी बायपास स्थित जेतपुरा वेयर हाउस के आगे सड़क किनारे बने नाले में एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना पर कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शव के गले पर कपड़ा बंधा था तथा सिर पर चोट के निशान पाए गए, जिससे हत्या की आशंका जताई गई।
प्रारंभिक जांच में शव की पहचान नहीं होने पर पुलिस ने मर्ग क्रमांक 48/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। बाद में महिला की पहचान इंदौर जिले के सांवेर क्षेत्र के ग्राम धरमपुरी निवासी के रूप में हुई। बताया गया कि पति की मृत्यु के बाद वह पप्पू पिता जमनालाल असरेट (28) के साथ किराए के मकान में रह रही थी।

चित्र- आरोपी रमेश 

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि नालछा थाना क्षेत्र के ग्राम सोडपुर निवासी रमेश उर्फ दुबलिया महिला को रानीपुरा (इंदौर) से कटलरी का सामान दिलाने का बहाना बनाकर धार लाया था। यहां दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने महिला के साथ मारपीट कर उसका गला घोंट दिया और शव को नाले में फेंककर फरार हो गया।
महिला की पहचान होने और जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने 11 जुलाई को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का प्रकरण दर्ज किया। कोतवाली थाना प्रभारी ईश्वर सिंह ने बताया कि आरोपी रमेश उर्फ दुबलिया को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ जारी है और हत्या के पीछे के कारणों का खुलासा जल्द किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post