-->

नवीन चौधरी की जहरीली शराब के सेवन से मृत्यु होने की पुष्टि नहीं, पोस्टमार्टम में किडनी एवं लीवर डैमेज तथा पेट में अल्सर फटने संबंधी तथ्य सामने आए

नवीन चौधरी की जहरीली शराब के सेवन से मृत्यु होने की पुष्टि नहीं, 
पोस्टमार्टम में किडनी एवं लीवर डैमेज तथा पेट में अल्सर फटने संबंधी तथ्य सामने आए 


धार। ग्राम पातलिया निवासी नवीन चौधरी की मृत्यु के संबंध में पुलिस चौकी दिग्ठान द्वारा खुलासा किया गया है कि उसकी मृत्यु जहरीली शराब पीने से नहीं हुई बल्कि किडनी एवं लीवर डैमेज तथा पेट में अल्सर फटने के कारण हुई है।          विस्तृत जानकारी देते हुए पुलिस द्वारा बताया गया कि
दिनांक 22.09.2026 को शाम करीब 07:30 बजे चौकी दिग्ठान अंतर्गत प्रिंस पब्लिक स्कूल, ग्राम पातलिया के सामने नवीन चौधरी उम्र करीब 30 वर्ष, निवासी रतवा, बेहोशी की हालत में पाए गए। उक्त सूचना मिलने पर परिजनों द्वारा नवीन चौधरी को उपचार हेतु मालवीय हॉस्पिटल, दिग्ठान ले जाया गया जहां डॉक्टर द्वारा नवीन चौधरी का प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सक द्वारा उसकी हालत गंभीर होना बताए जाने पर परिजन उसे तत्काल महाजन हॉस्पिटल, धार लेकर उपचार हेतु लाए।
महाजन हॉस्पिटल, धार में चिकित्सकों द्वारा नवीन का उपचार प्रारंभ किया गया। उपचार के दौरान रात्रि करीब 10:00 बजे नवीन को होश आया। इसके कुछ समय पश्चात नवीन की पल्स रेट कम होने लगी तथा शरीर ठंडा पड़ने लगा, जिस कारण चिकित्सकों द्वारा उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे ICU में भर्ती किया गया। ICU में उपचार के दौरान रात्रि करीब 11:30 बजे नवीन चौधरी की मृत्यु हो गई।
मृत्यु के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जाकर मृतक के शव का दिनांक 23.09.2026 को भोज अस्पताल, धार में पोस्टमार्टम कराया गया। मृतक का पोस्टमार्टम डॉ. वैभव देवड़ा द्वारा किया गया। पोस्टमार्टम के दौरान चिकित्सक द्वारा मृतक की किडनी एवं लीवर में डैमेज तथा पेट में अल्सर फटने के संबंध में उल्लेख किया गया है। चिकित्सकीय राय के अनुसार उक्त कारणों से मृत्यु होना बताया गया है। उल्लेखनीय है कि मृतक नवीन पूर्व से  ही लीवर,किडनी, अल्सर की बीमारी से ग्रसित था।
मृतक का विसरा जांच के लिए भेजा गया है।
पोस्टमार्टम के उपरांत मृतक का शव परिजनों को सुपुर्द किया गया, जिसके पश्चात परिजनों द्वारा मृतक का विधिवत अंतिम संस्कार किया गया। 
परिजनों से प्राप्त जानकारी एवं जांच में यह तथ्य सामने आया है कि मृतक नवीन चौधरी दिनांक 21.09.2026 की रात्रि को अपने मामा सतीश पटेल, निवासी माचल, थाना बेटमा के यहां गया था। दिनांक 22.09.2026 को शाम के समय वहां से वापस आया था। यह भी जानकारी प्राप्त हुई है कि मृतक द्वारा करीब दो दिनों से भोजन नहीं किया गया था।
प्रकरण की प्रारंभिक जांच, परिजनों से पूछताछ, अस्पताल में हुए उपचार एवं पोस्टमार्टम में प्राप्त तथ्यों के आधार पर मृतक की मृत्यु के संबंध में जहरीली शराब के सेवन से मृत्यु होना प्रमाणित नहीं पाया गया है।
मृतक के संबंध में किसी प्रकार की आपराधिक घटना अथवा जहरीली शराब सेवन से मृत्यु होने की पुष्टि जांच में नहीं हुई है। पोस्टमार्टम में चिकित्सक द्वारा किडनी एवं लीवर डैमेज तथा पेट में अल्सर फटने को मृत्यु का कारण बताया गया है।
वर्तमान जांच में नवीन चौधरी की मृत्यु जहरीली शराब पीने से होना नहीं पाया गया है। प्रकरण में उपलब्ध चिकित्सकीय अभिलेख, पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य तथ्यों के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

इस संबंध में मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री उमंग सिंगार व धार जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री स्वतंत्र जोशी ने नवीन चौधरी की मृत्यु का कारण जहरीली शराब पीना बताया गया था तथा जांच की मांग की थी।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारुल बेलापुरकर ने भी पत्रकारों कुछ जानकारी देते हुए इस बात की पुष्टि की है।




Post a Comment

Previous Post Next Post