महिला विवाद की पंचायत खूनी संघर्ष में बदली,दो मासूम बहनों को पानी में डुबोकर मारा
ज्ञानेंद्र त्रिपाठी
धार जिले के राजोद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जामपाड़ा में सोमवार की रात एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। महिला संबंधी विवाद को लेकर चल रही आदिवासी समाज की परंपरागत पंचायत अचानक खूनी संघर्ष में बदल गई। विवाद बढ़ने पर एक पक्ष के लोगों ने गांव में घुसकर उत्पात मचाया और चार व पांच वर्ष की दो मासूम बच्चियों को पानी के होद में डुबोकर मौत के घाट उतार दिया मामले में पुलिस ने 21 लोगों को हिरासत में लिया है ।
पूरे गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत हनुमंतिया के सरपंच द्वारा एक विवाहित महिला को अपने साथ रखने के मामले को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के निपटारे के लिए महिला के ससुराल पक्ष और परिजन ग्राम पटलावदिया से जामपाड़ा पहुंचे थे। यहां हनुमंतिया के सरपंच और ग्रामीणों के साथ समीप स्थित क्रिकेट मैदान पर आदिवासी परंपरा के अनुसार झगड़ा तुड़वाने की बैठक चल रही थी। जानकारी के अनुसार बातचीत के दौरान सहमति नहीं बन पाई, जिसके बाद विवाद काफी बढ़ गया गया। बताया जा रहा है कि महिला पक्ष के लोग गांव में घुस आए और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान धारदार हथियारों के साथ हवाई फायरिंग किए जाने की भी सूचना है, जिससे पूरे गांव में भगदड़ मच गई।
इसी अफरा-तफरी के बीच ग्राम जामपाड़ा निवासी दिनेश कटारा की दो मासूम बेटियां, चार वर्षीय ऋषिका और पांच वर्षीय शिवानी, घर के बाहर खड़ी थीं। हमलावर उन्हें उठाकर पास स्थित पानी के होद तक ले गए और डुबोकर उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपित आसपास के ग्रामीण मजरों में खड़े वाहनों में तोड़फोड़ करते हुए एक तूफान वाहन से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही राजोद थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों बच्चियों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपितों का पीछा किया और अब तक करीब 21 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पूरे गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
सरदारपुर एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उनका कहना है कि मामले में हर पहलू से गंभीरता से जांच की जा रही है।
पुलिस फिलहाल बच्चियों की मौत को हत्या के एंगल से तथा पूरे घटनाक्रम को गंभीर आपराधिक वारदात मानते हुए जांच कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार मौके पर मौजूद हैं और मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Tags
अपराध