-->

सूरत से कानपुर जा रही बस, जिले के सरदारपुर में बनी आग का गोला, खिड़कियां तोड़कर निकले यात्री बाल बाल बचे

सूरत से कानपुर जा रही बस जिले के सरदारपुर में बनी आग का गोला, खिड़कियां तोड़कर निकले यात्री बाल बाल बचे


धार। जिले के सरदारपुर भोपावर चौकी के पास मंगलवार की रात करीब 1 बजे गुजरात के सूरत से उत्तर प्रदेश के कानपुर जा रही यात्री बस में अचानक आग लग गई। बस से धुआं निकलता देख चालक ने बस रोकी और मौके से भाग निकला। इसके बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्रियों ने दरवाजे से निकलकर जान बचाई, जबकि कुछ यात्रियों को खिड़कियों के कांच तोड़कर बाहर निकलना पड़ा। हादसे में कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आईं, वहीं कई यात्रियों का सामान जलकर राख हो गया।

यात्रियों के अनुसार बस क्रमांक यूपी 83 बीटी 3947 सूरत सहित गुजरात के विभिन्न स्थानों से यात्रियों को लेकर कानपुर की ओर जा रही थी। यात्रियों ने बताया कि गुजरात के दाहोद के पास एक होटल पर बस को करीब चार घंटे रोककर उसमें काम भी करवाया गया था। इसके बाद बस आगे रवाना हुई थी।
कानपुर निवासी नीलम पाल ने बताया कि वह अपने आठ वर्षीय बेटे के साथ गांव जा रही थीं। अचानक बस में धुआं भरने लगा। स्थिति बिगड़ती देख उन्होंने अपने बेटे को खिड़की से बाहर निकाला और इसके बाद खुद भी किसी तरह बस से बाहर निकलकर जान बचाई। बस में रखा उनका बैग जल गया, जिसमें रुपये, चांदी की पायजेब, कपड़े सहित अन्य सामान था। अन्य यात्रियों ने भी सामान जलने और जान बचाने के दौरान हुई परेशानी की जानकारी दी।
घटना की सूचना मिलते ही सरदारपुर एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार और थाना प्रभारी अनिल जाधव पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। आग के कारण मार्ग के एक हिस्से का यातायात बंद करवाकर वाहनों को दूसरी ओर से निकाला गया। कुछ ही देर में अग्निशमन वाहन और एंबुलेंस भी मौके पर पहुंच गए, लेकिन तब तक बस काफी हद तक जल चुकी थी। अग्निशमन दल ने आग पर काबू पाया।
घायल यात्रियों को उपचार के लिए भेजा गया।

 
सरदारपुर एसडीओपी विश्व दीप सिंह परिहार ने बताया कि इंदौर की ओर जाने वाली यात्री बसों को रुकवाकर यात्रियों को उनकी आवश्यकता और स्थान के अनुसार दूसरी बसों में बैठाकर आगे भेजने की व्यवस्था की गई।

Post a Comment

Previous Post Next Post