धार जिले में मिलावटखोरों पर बड़ी कार्यवाही,अखाद्य रंगयुक्त मिर्च पाउडर और संदेहास्पद सौंफ सहित लाखों का माल जप्त
धामनोद, सिंघाना और कुक्षी में खाद्य सुरक्षा दल की संयुक्त दबिश, रंग से मिर्ची बनाने वाली फैक्ट्री की बंद
ज्ञानेंद्र त्रिपाठी
धार जिले में मिलावट के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा प्रशासन जिला धार एवं संभागीय उड़नदस्ता की संयुक्त टीम द्वारा बड़ी प्रभावी कार्यवाही की गई है। दल द्वारा धामनोद, सिंघाना और कुक्षी क्षेत्र में दबिश देकर मिलावटी व संदेहास्पद खाद्य सामग्रियां जप्त की गईं और फैक्ट्रियों पर वैधानिक कार्यवाही की गई।
अखाद्य रंग से बन रहा था मिर्ची पाउडर, उत्पादन बंद कराकर परिसर सील-
संयुक्त दल द्वारा धामनोद शहर के समीप ग्राम इकलेरा खुर्द स्थित 'श्री सांवरिया मसाला उद्योग' पर दबिश दी गई। यहाँ संचालक रमेश पाटीदार पिता श्री गंगाराम पाटीदार)0द्वारा स्वास्थ्य के लिए हानिकारक अखाद्य रंग का उपयोग कर मिर्च पाउडर का निर्माण किया जा रहा था। मौके पर मौजूद चलित खाद्य प्रयोगशाला (Mobile Food Lab) द्वारा की गई त्वरित जांच में अखाद्य रंग की उपस्थिति की पुष्टि हुई।
दल द्वारा मौके से लाल मिर्च पाउडर के दो नमूने तथा दो प्रकार के अखाद्य रंगों के नमूने जांच हेतु लिए गए। इसके साथ ही 1,52,000 रुपये मूल्य का 1,130 किलोग्राम रंगयुक्त लाल मिर्च पाउडर जप्त किया गया। नियमाविरुद्ध निर्माण को रोकने हेतु तत्काल उत्पादन बंद करने का आदेश देकर परिसर को बंद कराया गया।
धामनोद में 12.21 लाख रुपये की संदेहास्पद सौंफ जप्त-
इसी प्रकार दल द्वारा दूसरी बड़ी कार्यवाही धामनोद स्थित 'पंचमुखी ट्रेडर्स' पर की गई, जहाँ प्रोप्रायटर अंकित तायल द्वारा सौंफ की प्रोसेसिंग की जा रही थी। यहाँ कृत्रिम रंग के उपयोग की आशंका होने पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री सुभाष खेड़कर द्वारा विभिन्न प्रकार की सौंफ के 4 नमूने लिए गए। सुरक्षात्मक दृष्टि से मौके पर 12 लाख 21 हजार रुपए मूल्य की 7,050 किलोग्राम सौंफ जप्त की गई।
मनावर और कुक्षी में भी जांच, बिना लाइसेंस चल रही फैक्ट्री पकड़ी
ग्राम सिंघाना में दल ने 'भारत फूड प्रोडक्ट' पर कार्यवाही करते हुए लाल मिर्च पाउडर एवं हल्दी पाउडर का एक-एक नमूना जांच के लिए कलेक्ट किया।
साथ ही कुक्षी स्थित 'गुरुश्री ट्रेडर्स' पर दबिश के दौरान संचालक धर्मेंद्र माली बिना वैध खाद्य लाइसेंस के लाल मिर्च पाउडर का निर्माण करते हुए पाए गए। जहां दल ने बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार का प्रकरण दर्ज किया । तथा लाल मिर्च पाउडर का 01 नमूना लेकर 48 हजार रुपए मूल्य का मिर्च पाउडर जप्त किया गया।
प्रयोगशाला की रिपोर्ट के आधार पर होगी सख्त कानूनी कार्यवाही-
कार्यवाही के दौरान जप्त किए गए सभी नमूनों को सुरक्षित सील कर जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है। अभिहित अधिकारी श्री सचिन लौगरिया ने बताया कि भोपाल से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधितों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के कड़े प्रावधानों के अंतर्गत आगामी वैधानिक व दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी। जिले में मिलावटखोरों के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
इस पूरी कार्यवाही में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती निर्मला सोमकुंवर, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सर्वश्री हीरालाल अवस्या, आर. जी. माऊटा, राहुल अलावा एवं सुभाष खेडकर विशेष रूप से शामिल रहे।