सोशल मीडिया पर देवी-देवताओं पर अभद्र टिप्पणी करने वाले गोपाल पाल पर प्रकरण दर्ज
धार।सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने एवं ब्राह्मण समाज के खिलाफ आपत्ति जनक टिप्पणी करने का मामला सामने आया है। कोतवाली पुलिस ने नौगांव निवासी गोपाल पाल के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। पाल ने फेसबुक पर देवी-देवताओं और मंत्रों की शक्ति को लेकर विवादित पोस्ट लिखी थी, जिससे समाज में भारी आक्रोश है।
गोपाल पाल ने अपनी फेसबुक वॉल पर लिखा था कि अगर ब्राह्मण के मंत्रों में शक्ति है, तो गैस और पेट्रोल का जहाज उड़ाकर हिंदुस्तान ले आएं। भारत का कौन सा देवी-देवता है जो गैस और पेट्रोल ला सकता है?
अध्यक्षो ने कहा - हमारी आस्था को ठेस पहुंची - मामले की गंभीरता को देखते हुए ब्राह्मण समाज के नगर अध्यक्ष चेतन शर्मा, सर्व ब्राह्मण समाज कार्यकारी जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र जोशी व अन्य के साथ कोतवाली थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस को लिखित आवेदन दिया था।साथ ही विवादित पोस्ट के स्क्रीनशॉट भी सौंपे हैं। अध्यक्ष ने कहा हमारी आस्था को ठेस पहुंची है।
धार कोतवाली पुलिस ने आरोपित गोपाल पाल के विरुद्ध इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से जानबूझकर दुर्भावना पूर्ण धार्मिक भावनाओं को आहत करने की धारा 153 क, व 295 क भादवि के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले में अभी आरोपी फरार है।
इसी प्रकार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विरुद्ध आपत्तिजनक पोस्ट के अन्य मामले में गोपाल पाल के विरुद्ध जयप्रकाश मार्ग निवासी दिनेश सोनवानिया ने भी धार कोतवाली पुलिस को लिखित शिकायत दी है।