-->

पीथमपुर और मनावर में ऑनलाइन ठगी के चार मामले, 4 लाख से अधिक धोखाधड़ी। पुलिस ने दर्ज किए प्रकरण

पीथमपुर और मनावर में ऑनलाइन ठगी के चार मामले, 4 लाख से अधिक धोखाधड़ी
बैंक खातों से बदमाशों ने उड़ाए 4 लाख 6 हजार 243 रुपए, पुलिस ने दर्ज किए प्रकरण


धार से ज्ञानेंद्र त्रिपाठी 

धार जिले में ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। साइबर ठगों द्वारा लोगों के बैंक खातों को निशाना बनाकर हजारों और लाखों रुपये की रकम निकाली जा रही है। ताजा मामलों में पीथमपुर के तीन और मनावर के एक व्यक्ति के बैंक खातों से अज्ञात बदमाशों ने कुल 4 लाख 6 हजार 243 रुपये की धोखाधड़ी की है। चारों पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीथमपुर में तीन लोगों को बनाया निशाना
पीथमपुर में ऑनलाइन धोखाधड़ी के तीन अलग-अलग मामले सामने आए हैं। पहले मामले में पाल भूपत सिंह (41), निवासी ग्राम सुथरी, थाना कोठारा, जिला भुज-कच्छ (गुजरात), वर्तमान निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, पीथमपुर ने शिकायत दर्ज कराई कि किसी अज्ञात बदमाश ने उनके बैंक खाते से ऑनलाइन धोखाधड़ी कर 69 हजार रुपये निकाल लिए।
दूसरे मामले में हर्षोद तलेले (48), निवासी एई-764, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, पीथमपुर के बैंक खाते से अज्ञात व्यक्ति ने ऑनलाइन धोखाधड़ी कर 95 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
वहीं, तीसरे मामले में वृंदावन कॉलोनी, पीथमपुर निवासी सतेन्द्र सिंह (45) के बैंक खाते से अज्ञात बदमाश ने 1 लाख 94 हजार 243 रुपये निकाल लिए। इतनी बड़ी रकम की धोखाधड़ी होने से पीड़ित को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है।
मनावर में भी 48 हजार रुपये की धोखाधड़ी
ऑनलाइन ठगी का चौथा मामला मनावर से सामने आया है। यहां जुनी मनावर निवासी लोकेश पाटीदार (43) ने पुलिस को शिकायत में बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके बैंक खाते से धोखाधड़ी कर 48 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।


साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्कता जरूरी
जिले में लगातार सामने आ रहे ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामले आम लोगों के लिए चिंता का विषय हैं। साइबर ठग अलग-अलग तरीकों से लोगों की मेहनत की कमाई को निशाना बना रहे हैं। ऐसे में बैंक खाते, एटीएम, ओटीपी और ऑनलाइन लेनदेन से जुड़ी जानकारी को सुरक्षित रखना बेहद जरूरी है। अनजान व्यक्ति के साथ बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा करने से बचना चाहिए। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने या अनजान व्यक्ति के कहने पर ऑनलाइन लेनदेन करने से पहले पूरी सावधानी बरतनी चाहिए।
चारों मामलों में पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4) के तहत प्रकरण दर्ज किए हैं। पुलिस द्वारा मामलों की जांच की जा रही है। इन घटनाओं ने एक बार फिर ऑनलाइन वित्तीय लेनदेन में सतर्कता बरतने की आवश्यकता को रेखांकित किया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post