-->

16वीं विधानसभा का पहला सत्र आज से: सुबह 11 बजे शुरू होगी कार्यवाही-

16वीं विधानसभा का पहला सत्र आज से: सुबह 11 बजे शुरू होगी कार्यवाही,
- ज्ञानेंद्र त्रिपाठी
भोपाल। मध्‍यप्रदेश की 16वीं विधानसभा का पहला सत्र आज से शुरू होगा। चार दिवसीय शीतकालीन सत्र में पहले दो दिन निर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई जाएगी। प्रोटेम अध्यक्ष गोपाल भार्गव नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाएंगे। बुधवार को विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा। विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए भाजपा ने नरेंद्र सिंह तोमर का नाम तय किया है।विधानसभा में दलीय स्थिति को देखते हुए निर्विरोध निर्वाचन होगा
सत्र के पहले दिन की कार्यसूची-
एमपी विधानसभा का शीतकालीन सत्र 18 से 21 दिसंबर तक चलेगा। 16वीं विधानसभा के प्रथम सत्र के पहले दिन की कार्यसूची जारी की गई है। विधानसभा की कार्रवाई सुबह 11 बजे शुरू होगी। विधानसभा में दिवंगतों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके बाद नवनिर्वाचित विधानसभा सदस्यों की सूची पटल पर रखी जाएगी। नव निर्वाचित विधानसभा सदस्य शपथ लेंगे। सत्र के पहले और दूसरे दिन विधानसभा सदस्यों की शपथ होगी। तीसरे दिन विधानसभा अध्यक्ष का निर्वाचन और राज्यपाल का अभिभाषण होगा। सरकार वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए द्वितीय अनुपूरक बजट प्रस्तुत कर सकती है।

कांग्रेस विधायक एक साथ उमंग सिंगार के साथ निकलेंगे-
मध्य प्रदेश विधानसभा सत्र के पहले दिन कांग्रेस विधायक एकजुटता का संदेश देंगे। कांग्रेस दफ्तर से विधानसभा के लिए विधायक एक साथ निकलेंगे। सुबह 10 बजे नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार के साथ कांग्रेस विधायक एक साथ विधानसभा के लिए रवाना होंगे।
सत्र में शामिल नहीं होंगे कमलनाथ-
विधानसभा के प्रमुख सचिव अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि अभी तक 210 विधायकों द्वारा अपने आवश्यक दस्तावेज जमा करने के साथ ही पंजीयन कराया जा चुका है। विशेष सत्र की कार्यवाही में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ शामिल नहीं होंगे। इसकी सूचना कमलनाथ ने विधानसभा को दे दी है। पूर्व सीएम अब अगले सत्र में शपथ लेंगे।
उपाध्यक्ष को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं-
मध्य प्रदेश विधानसभा में इस बार उपाध्यक्ष को लेकर अभी कोई स्थिति स्पष्ट नहीं है। अब देखना यह है कि इस बार भी उपाध्यक्ष का पद बहुमत के आधार पर सत्ता पक्ष अपने पास रखता है या फिर परंपरा का पालन करते हुए विपक्ष को देता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post