मनावर में बंदूक की नोक पर लूट का खुलासा: 5 आरोपी गिरफ्तार, 3 अन्य फरार, बिजली कंपनी कर्मचारी के घर हुई थी वारदात
धार जिले के मनावर थाना क्षेत्र में बागसुल गांव में बिजली विभाग के ऑपरेटर के घर हुई लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन आरोपी अभी फरार हैं। एसपी सचिन शर्मा ने प्रेस वार्ता में मामले की जानकारी दी।
बंदूक दिखाकर घर में की थी लूट-
पुलिस के मुताबिक, 11 और 12 मई की दरमियानी रात ग्राम बागसुल निवासी दीपक इस्के के घर हथियारबंद बदमाश घुस गए थे। आरोपियों ने बंदूक की नोक पर परिवार को धमकाया और घर से एक बैल, दो बकरे, एक बकरी, सोने-चांदी के जेवर, नकदी और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए थे।
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम बनाई गई थी।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई-
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी ग्राम बैकल्या फाटा जीराबाद की तरफ जा रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर एक पिकअप वाहन को रोका। वाहन में चोरी किया गया बैल मिला। पुलिस ने मौके से पानसिंह, नाकु उर्फ महेश, धर्मेंद्र उर्फ भय्यु, रूघनाथ और मोहब्बत को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात कबूल कर ली।
हथियार और नकदी भी बरामद-
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक बैल, सोने का टॉप्स, चांदी की पायजेब, 12 बोर का देशी कट्टा, वारदात में इस्तेमाल महिंद्रा पिकअप वाहन और 20 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 11 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल मगन, संजय मेहड़ा और राकेश भूरिया अभी फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Tags
अपराध