लाउडस्पीकर, अंडे और मांस को लेकर जागृत हिंदू मंच ने शासन के आदेशों का पालन न होने पर दी आंदोलन की चेतावनी
राजेश राठौड़
बड़वानी :- जागृत हिंदू मंच, बड़वानी के पदाधिकारियों द्वारा गुरुवार को जिला मुख्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री एवं जिला प्रशासन के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया। मंच ने प्रदेश सरकार द्वारा धार्मिक स्थलों एवं मस्जिदों से अजान के लिए ध्वनि विस्तारक यंत्रों (लाउडस्पीकर) के उपयोग पर लगाई गई रोक और खुले में अंडे व मांस की दुकानों के संचालन संबंधी आदेशों का बड़वानी जिले में सख्ती से पालन करवाने की मांग की है। यह ज्ञापन अपर कलेक्टर श्री मालवीय को सौंपा गया।
*आदेशों की हो रही है अनदेखी*
अपर कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में मंच के सदस्यों ने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश शासन द्वारा स्पष्ट निर्देश जारी किए जाने के बावजूद बड़वानी जिले में इनकी धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। धार्मिक स्थलों एवं मस्जिदों से निर्धारित समय और ध्वनि सीमा से अधिक आवाज में लाउडस्पीकर का उपयोग निरंतर जारी है, जिससे विद्यार्थियों और बीमार व्यक्तियों को असुविधा हो रही है, साथ ही सार्वजनिक स्थानों और धार्मिक स्थलों के समीप अंडे व मांस की दुकानें खुलेआम संचालित हो रही हैं, जिससे स्वच्छता प्रभावित हो रही है और हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं, साथ ही कई दुकाने बिना खाद्य लायसेंस के संचालित हो रही है।
*7 दिन का अल्टीमेटम, फिर होगा आंदोलन**
जागृत हिंदू मंच ने प्रशासन को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आगामी 7 दिनों के भीतर इन आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित नहीं किया गया और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर ठोस कार्यवाही नहीं हुई, तो संगठन पूरे जिले में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। मंच ने स्पष्ट किया कि कानून का पालन करवाना प्रशासन की जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
*प्रतिनिधिमंडल में ये रहे मौजूद*
ज्ञापन सौंपते समय मुख्य रूप से दीपक जेमन, बालकृष्ण सोनगरा, नरेश रायक, मोहन शर्मा एवं राजेश राठौड़ सहित मंच के अनेक सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। अपर कलेक्टर श्री मालवीय ने ज्ञापन प्राप्त कर उचित कार्यवाही हेतु वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने का आश्वासन दिया
Tags
ज्ञापन- बड़वानी