“इमरजेंसी के 50 साल: आपातकाल और युवा” पर होगा व्यापक चिंतन
भोपाल, 18 फरवरी / वर्ष 1975 में लागू हुए आपातकाल के 50 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बहुभाषी न्यूज एजेंसी हिन्दुस्थान समाचार द्वारा 19 फरवरी 2026 (गुरुवार) को दोपहर 2:00 बजे सेम ग्लोबल यूनिवर्सिटी, रायसेन रोड, भोपाल में “इमरजेंसी के 50 साल: आपातकाल और युवा” विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है। 25 जून 1975 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा देश में आंतरिक आपातकाल की घोषणा की गई थी। लगभग 21 महीनों तक चले इस कालखंड में नागरिक स्वतंत्रताओं पर प्रतिबंध, प्रेस सेंसरशिप, विपक्षी नेताओं की गिरफ्तारियां तथा संविधान में व्यापक संशोधन जैसे कदम उठाए गए। इस दौर को भारतीय लोकतंत्र के इतिहास की एक महत्वपूर्ण और चुनौतीपूर्ण अवधि माना जाता है। संगोष्ठी में आपातकाल की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, लोकतांत्रिक संस्थाओं पर उसके प्रभाव, न्यायपालिका एवं मीडिया की भूमिका तथा युवा पीढ़ी के दृष्टिकोण से उस समय की घटनाओं का विश्लेषण किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, यह कार्यक्रम लोकतांत्रिक मूल्यों की पुनर्स्मृति और नई पीढ़ी को संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने का प्रयास है। मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे। मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश उपाध्याय (भैयाजी जोशी) मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करेंगे। विशिष्ट अतिथि मध्य प्रदेश शासन के उद्यान मंत्री राजेंद्र शुक्ल पूर्व राज्यसभा सदस्य एवं लोकतंत्र सेनानी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष कैलाश सोनी अध्यक्षता एवं स्वागत कार्यक्रम की अध्यक्षता हिन्दुस्थान समाचार समूह के अध्यक्ष अरविंद भालचंद्र माडेकर करेंगे। स्वागताध्यक्ष के रूप में सेम ग्रुप, भोपाल के चेयरमैन डॉ. हरप्रीत सलूजा अतिथियों का स्वागत करेंगे। आयोजक एवं निवेदक आयोजन: हिन्दुस्थान समाचार बहुभाषी न्यूज एजेंसी निवेदक: डॉ. मयंक चतुर्वेदी, क्षेत्रीय संपादक आयोजकों ने विद्यार्थियों, शिक्षाविदों, पत्रकारों और आम नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।