-->

सेंट टेरेसा घोटाला : पुलिस ने सुधीर जैन को न्‍यायालय में पेश कर 2 मार्च तक लिया रिमांड पर, पूछताछ मेें भगोड़ा खोलेगा कई राज

सेंट टेरेसा घोटाला : पुलिस ने सुधीर जैन को न्‍यायालय में पेश कर 2 मार्च तक लिया रिमांड पर, पूछताछ मेें भगोड़ा खोलेगा कई राज

ज्ञानेंद्र त्रिपाठी 
धार।आदर्श सड़क स्थित किले के समीप बने मिशन अस्पताल की करोड़ों रुपये मूल्य की शासकीय भूमि के कथित घोटाले के आरोपी सुधीर जैन को पुलिस ने न्‍यायालय में पेश किया। न्‍यायालय से पुलिस को 2 मार्च का तक रि‍मांड मिला है। आरोपी पिछले साढ़े तीन वर्षों से फरार था और उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। शुक्रवार को सयाबर क्राइम ब्रांच की टीम ने उसे इंदौर से गिरफ्तार किया था।

मामला आदर्श सड़क स्थित किले के पास बने मिशन अस्पताल परिसर की भूमि से जुड़ा है। सर्वे नंबर 770, रकबा 0.493 हेक्टेयर भूमि सन 1928 से शासकीय घोषित है। ऐतिहासिक रूप से यह भूमि मिशनरी संस्था को महिला अस्पताल संचालन हेतु प्रदान की गई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि उक्त शासकीय भूमि के संबंध में कूटरचित अभिलेख तैयार कर अवैध नामांतरण, लीज और विक्रय की कार्रवाई की गई। आरोप है कि सुधीर जैन ने सहआरोपियों के साथ मिलकर 11 लाख रुपये में यह भूमि अंकित वडेरा को बेच दी। थाना नौगांव में वर्ष 2022 में इस मामले में प्रकरण दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान शासकीय अभिलेखों में अनियमित प्रविष्टि, अवैध लीज और पंजीयन के माध्यम से भूमि हस्तांतरण की साजिश उजागर हुई।

*गुजरात और बैंगलोर में छिपता रहा*
प्रकरण दर्ज होने के बाद आरोपी गुजरात भाग गया था और बाद में कुछ समय तक बैंगलोर में भी अलग-अलग स्थानों पर रहा। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। सीएसपी सुजावल जग्गा के निर्देशन में सायबर क्राइम ब्रांच ने मुखबिर की सूचना पर इंदौर में आरोपी घर से बाहर सामान लेने निकला ही था कि सिविल ड्रेस में पहले से मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया।

*रिमांड में होगी गहन पूछताछ*
पुलिस को न्‍यायालय से सुधीर जैन की 2 मार्च को दोपहर 3 बजें तक की रिमांड मिली है। रिमांड अवधि के दौरान पुलिस आरोपी से फर्जी दस्तावेज तैयार करने, अवैध नामांतरण, लीज एवं पंजीयन प्रक्रिया, आर्थिक लेन-देन और इस प्रकरण में शामिल अन्य सहयोगियों के संबंध में विस्तृत पूछताछ करेगी। पूछताछ के बाद मामले में और भी खुलासे हो सकते हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post