-->

जिला परियोजना समन्वयक प्रदीप खरे 1 लाख की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार, 17 लाख रुपए मांगने का आरोप

जिला परियोजना समन्वयक प्रदीप खरे 1 लाख की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार, 17 लाख रुपए मांगने का आरोप


धार।लोकायुक्त इंदौर की टीम ने जिला शिक्षा केंद्र, धार में पदस्थ जिला परियोजना समन्वयक (DPC) प्रदीप कुमार खरे को ₹1 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।यह रिश्वत जिले के विभिन्न स्कूलों में 122 शौचालयों के निर्माण से जुड़े पूर्णता प्रमाण पत्र पर हस्ताक्षर करने के एवज में कुल ₹17 लाख की मांग का हिस्सा थी।
लोकायुक्त पुलिस इंदौर के अनुसार, शिकायतकर्ता दिलीप साधव, जिला शिक्षा केन्द्र धार में प्रभारी सहायक यंत्री के पद पर पदस्थ हैं। समग्र शिक्षा अभियान के तहत धार जिले के विभिन्न शासकीय विद्यालय परिसरों में 122 शौचालयों के निर्माण के लिए लगभग 3 करोड़ 42 लाख रुपये स्वीकृत हुए थे। इन निर्माण कार्यों की निगरानी का जिम्मा शिकायतकर्ता के पास था।
आरोप है कि जिला परियोजना समन्वयक प्रदीप कुमार खरे ने निर्माण कार्य पूर्ण होने से पहले ही कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र पर हस्ताक्षर करने के एवज में 5 प्रतिशत कमीशन के रूप में करीब 17 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी।


इस संबंध में शिकायत मिलने पर एसपी लोकायुक्त इंदौर डॉ. राजेश सहाय के निर्देशन में शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद 18 मई 2026 को ट्रैप दल का गठन किया गया।
लोकायुक्त टीम ने आरोपी प्रदीप कुमार खरे को रिश्वत की पहली किश्त के रूप में 1 लाख रुपये लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 7 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
ट्रैप दल में शामिल अधिकारीकार्यवाहक निरीक्षक सचिन पटेरिया, कार्यवाहक प्रधान आरक्षक आशीष शुक्ला, आरक्षक विजय कुमार, कमलेश परिहार, मनीष माथुर, श्रीकृष्ण अहिरवार एवं प्रभात मोरे शामिल रहे।






Post a Comment

Previous Post Next Post